रविवार, 12 अक्टूबर 2014

swatch bharat abhiyan NARENDRA MODI

नरेन्द्र मोदी ऐसे नेता हैं जो चुनाव हराने के बाद भी अपने विरोधियों को चैन से नहीं बैठने देते हैं,दो अक्टूबर से शुरू हुए ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में कुछ ऐसा ही देखने को मिला,सबसे पहले तो उन्होंने कांग्रेस से गाँधी जी को छीन लिया और उसके बाद आम आदमी पार्टी से झाड़ू ।
लोकसभा चुनाव हारने और गाँधी जी को छीने जाने के बाद कांग्रेस के पास गाँधी के नाम पर सिर्फ ‘राहुल’ बचे हैं और यही उनकी सबसे बड़ी समस्या है । इसके बाद भी कांग्रेस, केजरीवाल से कहीं बेहतर स्थिति में दिखाई पड़ रही है क्योंकि अब भी कांग्रेस के पास इतने सांसद हैं कि उनके दम पर वो भले खुद को लोकसभा में प्रमुख विपक्षी पार्टी न बना पाई लेकिन खुद का व्हाट्सएप ग्रुप बना पार्टी मीटिंग तो कर ही सकती है,जबकि आम आदमी पार्टी में अंगूठा छोड़ उँगलियों पर गिने जा सकने वाले सांसद ही इतनेहैं कि उनकी पार्टी मीटिंग केजरीवाल की वैगन-आर में भी हो सकती है ।
नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान देश के साथ विदेशों में भी कितनालोकप्रिय हुआ,इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहले ही एकदिवसीय मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने टीम इण्डिया की बुरी तरह से धुलाई करदी । असल वजह तब पता चली जब पुरूस्कार वितरण के दौरान उनके कप्तान ने बताया कि ये धुलाई ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत की गई है ।
धुलाई और सफाई का टीम इण्डिया सेपुराना नाता है,क्योंकि हमारे पास महेन्द्र सिंह ‘धोनी’ और शिखर ‘धोवन’ जैसे खिलाड़ी हैं,साथ ही अक्सर मैच हारने के बाद प्रेसकान्फ्रेंस में दी जाने वाली ‘सफाई’ भी ।
वेस्टइंडीज से मैच हारने और विराट कोहली की खोई हुई फॉर्म के बीच टीम इण्डिया के सारे खिलाडियों ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया है, अगले मैच के पहले वो विराट कोहली के घर दीपावली की सफाई करने जाएंगे,टीम प्रबंधन ने भी इस बात की पुष्टि की है पर कारण बताने से साफ़ मना कर दिया ।
इस बारे में जब हमने अपने सूत्रों से जानकारी जुटाई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं आपको पता ही होगा कि कुछ ही दिनों में दीपावली का त्यौहार आने वाला है और दीपावली के पहले घर की सफाई होना आम बात है,बताते चलें कि हिन्दुस्तानी घरों में सफाई भी तीन तरह की होती है,पहली रोज की सफाई,दूसरी रविवार सुबह की सफाई जिसमें आमतौर पर डंडे पर झाड़ू बाँध मकड़ी के जाले हटाए जाते हैं,और तीसरी दीपावली की सफाई,दीपावली की सफाई के दौरान अक्सर साल भर छुपाकर रखे गए लव लेटर्स और वैलेन्टाइन डे के कार्ड ,गुमे हुए नेल कटर और रखकर भुला दी गई चाबियाँ वापिस मिल जाती हैं । टीम इण्डिया के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की अगुवाई में विराट कोहली के घर परकी जाने वाली इस सफाई का असली मकसद विराट कोहली की खोई हुई फॉर्म ढूंढना है,जो शायद विराट घर के किसी कोने में अनुष्का शर्मा के कॉस्मेटिक्स के बीच रखकर भूल गए हैं ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें